नहर में डूबे सफाईकर्मी का तीसरे दिन मिला शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पाण्डेय


भिटौली/ महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के उपनगर भिटौली की बड़ी नहर में सोमवार सुबह डूबे सफाईकर्मी का शव घटना के तीसरे दिन बुधवार सुबह बरामद किया गया। पनियरा थाना क्षेत्र के खैचा निवासी राजेश, जो नगर पंचायत में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे, शौच के दौरान नहर में फिसलकर गिर गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया, जो लगातार दो दिनों तक जारी रहा। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद सोमवार और मंगलवार को सफलता नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह करीब 7 बजे भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली के पास नहर में एक ग्रामीण ने शव को उतराता हुआ देखा और इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया गया।

शव की पहचान राजेश के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *