हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
फरेंदा/महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत आनंद नगर स्थित गौतम बुद्ध व्यावसायिक भवन के 41 दुकानदारों के विरुद्ध वसूली के लिए आरसी जारी होने के बाद व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है। इस कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद नगर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बीते कई दिनों से व्यापारी आनंद नगर में जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं और जारी आरसी को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उनके साथ अन्यायपूर्ण है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
इसी क्रम में व्यापारियों ने दीवानी कचहरी फरेंदा के वर्तमान मंत्री अजीत मणि व पूर्व मंत्री मनोज मिश्रा का भी समर्थन लिया और नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
गुरुवार को व्यापारियों का एक शिष्टमंडल तहसीलदार फरेंदा से भी मिला और पूरे मामले से अवगत कराते हुए न्याय की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


