हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के कर्मही धरमपुर गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि करीब दो बजे अमृत चौधरी (30) अपने बोलेरो वाहन के पास मौजूद थे, इसी दौरान किसी कारणवश वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
अमृत चौधरी, राम बहादुर चौधरी और जीरा चौधरी के इकलौते पुत्र थे। वह तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी बहनों में मेनका, राधा और उजाला शामिल हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है जबकि सबसे छोटी बहन की शादी अभी बाकी है।
बताया जा रहा है कि अमृत की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी और अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं।

