हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
फरेंदा (महराजगंज)। गोरखपुर जनपद में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या तथा खजनी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची की हत्या की घटना के विरोध में शुक्रवार को फरेंदा दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी फरेंदा को सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
दीवानी न्यायालय फरेंदा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम सिंह कुमार सिंह एवं सचिव अजीत मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से जुलूस निकालकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गोरखपुर की घटना में पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई। साथ ही खजनी में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में भी शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
अधिवक्ताओं ने दोनों पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की। उनका कहना था कि ऐसी जघन्य घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रख सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता स्कन्द श्रीवास्तव, मुहम्मद हुई खाँ, मनोज मिश्रा, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, अजय मणि त्रिपाठी, सुनील मणि त्रिपाठी, ओमकार मौर्य, महिमा पाठक, रिचा शुक्ला, तेज प्रताप सिंह, आकाश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, सुरेंद्र पाण्डेय, सुजीत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

