सरकारी स्कूल में बच्चों से सामान उतरवाने का वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


फरेंदा के सेठ पूरनमल जूनियर हाई स्कूल का बताया जा रहा वीडियो, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; प्रबंधन की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक पक्ष

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


आनंद नगर (महराजगंज)। फरेंदा क्षेत्र स्थित सेठ पूरनमल जूनियर हाई स्कूल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों को एक वाहन से सामान उतारते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में बहस छिड़ गई है और विद्यालयों में बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराए जाने पर सवाल उठने लगे हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह बच्चों के अधिकारों और विद्यालयों में उनके प्रति जिम्मेदारी से जुड़े गंभीर प्रश्न खड़े करता है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


मामले की जानकारी के लिए मीडिया टीम विद्यालय पहुंची और विद्यालय प्रबंधक विजयपथ सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस दौरान विद्यालय में मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, जिनकी पहचान राजेश और संतोष के रूप में बताई गई, ने मीडिया कर्मियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। इससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी रही।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन या बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बेसिक शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन वायरल वीडियो की सत्यता की जांच किस प्रकार करते हैं और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *