3.40 करोड़ की लागत से बन रहा मैरिज हॉल जांच के घेरे में
ग्राम प्रधान की शिकायत पर प्रशासन ने गठित की दो सदस्यीय जांच टीम
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। परतावल ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेमरा चंद्रौली में परफार्मेंस ग्रांट योजना के तहत बन रहे मैरिज हॉल के निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। करीब 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन की गुणवत्ता को लेकर ग्राम प्रधान ने प्रशासन से जांच कराने की मांग की है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।


ग्राम प्रधान सचिन सिंह ने जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट और अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता भी मानक के अनुरूप नहीं है, जिससे भविष्य में भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने निर्माण कार्य की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार भारतीय और जलनिगम के सहायक अभियंता महेश चंद्र आजाद को शामिल किया गया है।
सीडीओ ने नामित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन मैरिज हॉल का स्थलीय निरीक्षण करें और उपयोग की जा रही सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच करें। साथ ही पूरी जांच रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


