दो बच्चों को फांसी देने के बाद पिता ने भी लगाई थी फांसी,पत्नी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पत्नी के कथित संबंधों से आहत युवक ने उठाया खौफनाक कदम

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के कथित अवैध संबंधों और लगातार हो रहे विवाद से आहत एक युवक ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को फांसी पर लटका दिया और फिर खुद भी फंदे से झूलकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


पुलिस के अनुसार 8 मार्च को अमरेश ठाकुर और उसके दो छोटे बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की पड़ताल शुरू की।


जांच के दौरान सामने आया कि अमरेश की पत्नी बन्दना कुमारी, जो एसएसबी की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है, अपने कथित प्रेमी सोनू गौतम से अक्सर फोन पर बातचीत करती थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। पुलिस को मौके से दो वीडियो भी मिले, जिन्हें अमरेश ने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो और दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है।


पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी बन्दना कुमारी (32), निवासी महमूदपुर थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर को मंगलवार को नौतनवा गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य तथ्यों की भी गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *