डीएम से वार्ता बेनतीजा, चौथे दिन भी जारी रहा चनकौली के ग्रामीणों का अनशन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सिसवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा चनकौली में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा।


सोमवार को प्रशासन की ओर से अनशन समाप्त कराने के लिए वार्ता का प्रयास किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित मंडल के एसडीएम ने करीब आधे घंटे तक अनशनकारियों से बातचीत की। इसके बाद ग्रामीणों के प्रतिनिधि श्रीराम सैनी और अवधेश कुमार की जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से मुलाकात कराई गई।


ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कहा कि ग्राम पंचायत में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन चार सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है। इस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कराने का आश्वासन दिया।


हालांकि अनशनकारियों का आरोप है कि बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कड़ी भाषा का प्रयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक और मौलिक अधिकारों के विरुद्ध है।


ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग और फर्जी भुगतान किया गया है। इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी से शिकायत कर जांच की मांग की गई थी। बावजूद इसके अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अनशनकारियों ने मांग की कि जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


इस दौरान समाजसेवी रामसनेही निषाद, अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष सहित कई ग्रामीण अनशन में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *