बृजमनगंज, महराजगंज, 22 जून। नगर पंचायत बृजमनगंज में नगर की अधिष्ठात्री देवी मां काली की त्रिवार्षिक पूजा एवं महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। पहले दिन महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार विभिन्न दैविक स्थलों पर धार चढ़ाकर पूजा-अर्चना की तथा नगर की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
सुबह से ही मां काली मंदिर समेत अन्य पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने मां काली, शीतला माता, दिघवार बाबा सहित पांच प्रमुख दैविक स्थलों पर जल एवं पूजन सामग्री अर्पित की। पूजा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पूजा नगर की वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसका आयोजन प्रत्येक तीन वर्ष पर किया जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में महायज्ञ, हवन, भजन-कीर्तन तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पूजा को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं और मां काली से परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं। आगामी दिनों में विशेष पूजन और पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ आयोजन का समापन होगा।

