अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प, योग को बताया निरोगी जीवन की कुंजी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर पंचायत परतावल कार्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से न केवल अनेक बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि आत्मविश्वास, एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति स्वयं को निरोग रख सकता है तथा समाज को भी स्वस्थ बनाने में योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर बलराम गुप्ता, महाजन कश्यप, कमाल अहमद सहित नगर पंचायत कार्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को नियमित रूप से अपनाने और इसके प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

