मोहर्रम को लेकर सिसवा चौकी पर ताजियेदारों संग बैठक, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को चौकी सिसवा बाजार परिसर में कस्बे के सभी ताजियेदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने ताजियेदारों से संवाद कर मोहर्रम जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने ताजियेदारों से प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों से ही ताजिया जुलूस निकालने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा गया कि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक को संबोधित करते हुए कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने कहा कि सिसवा की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे से है। उन्होंने सभी समुदायों से मोहर्रम पर्व के दौरान इसी परंपरा को कायम रखते हुए सौहार्द एवं सहयोग का परिचय देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार की शांति व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। साथ ही किसी भी नई परंपरा की शुरुआत बिना प्रशासनिक अनुमति के नहीं की जा सकेगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अखाड़ों में किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। डीजे निर्धारित मानकों एवं तय डेसिबल सीमा के भीतर ही संचालित किए जा सकेंगे। उन्होंने सभी ताजियेदारों और अखाड़ा समितियों से कम से कम दस-दस स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने का आग्रह किया, जो जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।


वहीं, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने अखाड़ों के खिलाड़ियों को करतब प्रदर्शन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने आग से जुड़े जोखिमपूर्ण करतबों से परहेज करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में मोहर्रम की सातवीं के जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में वीरेंद्र मौर्य, अशोक यादव,संदीप यादव, दीपक यादव, राजू यादव, विवेक गोंड, सुनील यादव, दशरथ गोंड, लड्डन, आज़ाद, एखलाख अली समेत बड़ी संख्या में ताजियेदार, अखाड़ा संचालक, डीजे संचालक और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से मोहर्रम संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *