हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला वार्ड 8 महाराणा प्रताप नगर (भूजौली), वार्ड 9 सरोजिनी नगर (मेंहदिया, बरवा सालिकराम) को जोड़ने वाला नहर किनारे का मार्ग इन दिनों जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। यह सड़क सिसवा बाजार के वार्ड नंबर 10 बिस्मिल नगर, वार्ड नंबर 9 सरोजिनी नगर तथा वार्ड नंबर 8 महाराणा प्रताप नगर समेत आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने का प्रमुख मार्ग है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह क्षेत्र पहले ग्रामसभा के अंतर्गत आता था, लेकिन अब नगर पालिका परिषद सिसवा का हिस्सा बन चुका है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग को लेकर सभासद प्रतिनिधि लोकमित्र पांडेय तथा ग्रामीण इंद्रजीत चौरसिया, प्रसाद चौहान, रामदास गुप्ता, नागेंद्र पांडेय, रवींद्र चौधरी, राजकुमार चौहान और विनोद बारी समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व इस संबंध में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को भी पत्र देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित उच्च अधिकारियों से जनहित को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

