2.50 करोड़ की संपत्ति 20 लाख में बेचने का आरोप, पीड़िता बोली धोखे और षड्यंत्र से कराई गई रजिस्ट्री
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। तहसील दिवस में शनिवार को सामने आई शिकायत ने भूमि हस्तांतरण के बड़े जालसाजी प्रकरण को उजागर कर दिया। नगर पंचायत परतावल वार्ड संख्या 2, वल्लभनगर तिवारी टोला निवासी मिथिलेश पाण्डेय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ पति की जमीन स्थानीय और बाहरी प्रॉपर्टी दलालों ने मिलकर फर्जी तरीके से अपने नाम हस्तांतरित करा ली।
पीड़िता के अनुसार, लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहे उनके पति किसी भी फैसले लेने की स्थिति में नहीं थे। इसी स्थिति का लाभ उठाकर कुछ दलालों ने कथित तौर पर गोरखपुर स्थित प्रॉपर्टी नेटवर्क से सांठगांठ कर 2.50 करोड़ मूल्य की जमीन मात्र 20 लाख रुपये में अपने पक्ष में रजिस्ट्री करा ली।
मिथिलेश पाण्डेय ने कहा कि पूरी प्रक्रिया धोखाधड़ी, जालसाजी और षड्यंत्र के तहत हुई है, जो भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में दंडनीय है। घटना से आहत परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में पहुंच चुका है। पीड़िता ने जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
तहसील दिवस में शिकायत प्राप्त होते ही प्रशासन ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। पीड़िता ने चेताया कि न्याय में देरी हुई तो परिवार भरण–पोषण और निवास दोनों संकट में आ जाएंगे।

