अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर छात्रा प्रियंका विश्वकर्मा सम्मानित, 51 हजार की प्रोत्साहन राशि मिली

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


“विकसित भारत” विषयक प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान पाने पर मिला सम्मान


महराजगंज जिले के विकासखंड पनियरा अंतर्गत ग्राम सभा उसका में स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज की छात्रा प्रियंका विश्वकर्मा को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार 08 मार्च 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। “विकसित भारत” विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्रा को ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रबीकांत पटेल, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी तथा जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने छात्रा को चेक प्रदान करते हुए उसकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं अन्य छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।


समारोह में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रियंका की सफलता को जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज, उसका पनियरा के छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी और रचनात्मक गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय का अनुशासित शैक्षिक वातावरण और शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

प्रियंका विश्वकर्मा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *