दरौली में वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा, भतीजा ही निकला कातिल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ने किया खुलासा, घर के पीछे गली में मिला था शव

हर्षोदय टाइम्स/बिमलेश कुमार पाण्डेय



भिटौली/महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरौली टोला अजमतपुर में एक वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस घटना का खुलासा करते हुए मृतका के ही भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी थी।


जानकारी के अनुसार मुनक्का देवी (वृद्धा) 5 मार्च की दोपहर से ही घर से लापता थीं। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन 6 मार्च की सुबह करीब 5 बजे उनके घर के पीछे स्थित एक गली में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।


सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के पति, बच्चों और बहुओं से अलग-अलग पूछताछ की, लेकिन शुरुआती स्तर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए मृतका के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।


पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *