महराजगंज में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या, आरोपी पति फरार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / कृष्ण नारायण त्रिपाठी


महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा खास गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय नजमा खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले नजमा की शादी सौरहा खास निवासी मुर्तजा के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था।


मृतका की मां आयशा खातून के मुताबिक, लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर नजमा अपने मायके बारगाहपुर चली गई थी। बाद में दोनों के बीच आपसी सहमति से अलगाव भी हो गया था।


बताया जा रहा है कि गुरुवार को नजमा अपनी मां के साथ ससुराल पहुंची थी, जहां दहेज में दिए गए सामान को वापस लेने की बात चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गुस्से में आकर पति मुर्तजा ने घर में रखी कुल्हाड़ी से नजमा के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार और बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।


सीओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *