मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, इलाज के दौरान मौत; शव लेकर लड़की पक्ष के घर पहुंचे परिजन, तीन नामजद पर मुकदमा
महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के बरगदही गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान नाचने और स्टेज पर फोटो खिंचाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद संघर्ष में तब्दील हो गया। इस घटना में दूल्हे के बड़े भाई विनोद प्रजापति की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के चडलहा गांव से बारात बरगदही स्थित दीनानाथ प्रजापति के घर आई थी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान बारातियों और घरातियों के बीच पहले नाचने और फिर स्टेज पर फोटो खिंचाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने दूल्हे के बड़े भाई विनोद प्रजापति को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद जहां एक ओर शादी की रस्में तनावपूर्ण माहौल में किसी तरह पूरी कर ली गईं, वहीं सुबह जैसे ही मौत की खबर चडलहा गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को लेकर बरगदही पहुंचे और लड़की पक्ष के दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल ।
पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

