गोरखपुर (हर्षोदय टाइम्स)। जनपद गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र अंतर्गत धाधूपार गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर आए दिन दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। मंगलवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनके दोनों मासूम बच्चे भी घर में मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर भी प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
गांव में इस हृदयविदारक घटना को लेकर शोक का माहौल है, वहीं लोग घरेलू विवादों के बढ़ते मामलों पर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


