महराजगंज। वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाड़ी देशों एवं अन्य प्रभावित देशों में कार्यरत अथवा अध्ययनरत जनपद के नागरिकों और विद्यार्थियों का अद्यतन विवरण संकलित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी कार्यालय जिलाधिकारी/जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, महराजगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय स्थापित कर संबंधित नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
प्रशासन के अनुसार यदि जनपद का कोई निवासी Saudi Arabia, United Arab Emirates, Qatar, Kuwait, Oman, Bahrain, Iran अथवा Iraq में नौकरी, व्यापार या अध्ययन के उद्देश्य से रह रहा है, तो उनके परिजन अथवा अभिभावक निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। इसमें जनपद का नाम, व्यक्ति का नाम, पिता/अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, वर्तमान में किस देश में रह रहे हैं तथा विदेश जाने का उद्देश्य आदि विवरण शामिल हैं।

यह विवरण संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी/तहसीलदार कार्यालय में जमा कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त सीधे जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) महराजगंज को भी प्रेषित किया जा सकता है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य संभावित आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि जनपद के किसी भी नागरिक को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, जिससे विदेशों में रह रहे नागरिकों की जानकारी समय रहते संकलित की जा सके। किसी भी प्रकार की सहायता अथवा जानकारी के लिए जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा), उप जिलाधिकारी तथा आपदा विशेषज्ञ के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि हर परिस्थिति में जनपदवासियों की सुरक्षा और सहायता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।


