महराजगंज। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बरवा खुर्द-बल्लो सिवान के बीच बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह खेतों की ओर जा रहे राहगीरों की नजर जैसे ही पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही घुघली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच प्रक्रिया शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान विकास (पुत्र योगेंद्र) निवासी पचाड़, थाना कप्तानगंज थाना जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। युवक का शव दूसरे जनपद की सीमा से सटे क्षेत्र में मिलने से तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इस संबंध में थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटा रही है।


