हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के कस्बा परतावल में पुलिस-प्रशासन ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला।
महराजगंज के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च में थाना श्यामदेउरवा के समस्त अधिकारी-कर्मचारी के साथ पीएसी बटालियन के जवान भी मुस्तैदी के साथ शामिल रहे।
बाजार और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर अधिकारियों ने आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया। लोगों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए ड्रोन कैमरे से पूरे बाजार क्षेत्र की निगरानी की गई। आसमान से हो रही निगरानी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता का स्पष्ट संदेश दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी जारी रहेगी, ताकि सभी पर्व शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो सकें।


