श्यामदेउरवा थाने की घटना से महकमे में हड़कंप, सीमाओं पर सघन चेकिंग
महराजगंज : श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी के फरार हो जाने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है, जबकि अन्य संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार कुंदुर, कप्तानगंज (जनपद कुशीनगर) निवासी किशन साहनी पुत्र रामहरि को पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
घटना के बाद उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह की तहरीर पर हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी के खिलाफ भी अलग से मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही होमगार्ड के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


