बसहिया खुर्द में तड़के ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स


महराजगंज ।  गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। थाना क्षेत्र के बसहिया खुर्द के पास ओवरटेक के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी दूसरे ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मिर्जापुर से गिट्टी लादकर महराजगंज की ओर आ रही एक ट्रेलर ने आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बसहिया खुर्द के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।


सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर के चालक की पहचान बसहिया खुर्द निवासी धर्मदेव यादव के रूप में हुई है, जबकि टक्कर मारने वाली ट्रेलर का चालक आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी दीपक यादव बताया गया है। दोनों वाहनों के चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं।


सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात व्यवस्था शीघ्र ही सामान्य हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। फिलहाल समय रहते बड़ा नुकसान टलने से लोगों ने राहत की सांस ली।

अनुज राज की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *