एसडीएम और सीओ ने होलिका दहन स्थलों का किया निरीक्षण दिए आवश्यक निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स /सुनील मणि त्रिपाठी


धानी बाजार/महाराजगंज। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने धानी क्षेत्र के विभिन्न होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया।


शैलेन्द्र गौतम (उपजिलाधिकारी फरेंदा) एवं अनिरुद्ध कुमार (पुलिस क्षेत्राधिकारी) ने धानी बाजार, सिकंदरा जीतपुर सहित अन्य गांवों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और आयोजन समितियों से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।


निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति को रोकना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाए।


पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौजूद पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, गश्त बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान अराजकता फैलाने अथवा शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इस अवसर पर चौकी प्रभारी धानी आलोक राय, एसआई अरविंद यादव, ग्राम प्रधान संजय सहानी सहित अन्य पुलिसकर्मी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *