हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम पोस्ट बसंतपुर निवासी रामाश्रय पुत्र उमराव ने ग्राम प्रधान दयाराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, ग्राम प्रधान ने कथित रूप से प्रशासनिक दबाव बनवाकर उनकी लगभग 30 वर्ष पुरानी पुश्तैनी दीवार से सटे चबूतरे को तुड़वा दिया।
रामाश्रय का कहना है कि एसडीएम महाराजगंज पर दबाव डालकर आदेश जारी कराए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने कथित रूप से बाहुबल के बल पर लगभग ढाई फीट चौड़ी और 45 फीट लंबी सरकारी भूमि पर कब्जा कर अपनी दीवार का निर्माण कर लिया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला वर्तमान में सक्षम सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित पक्ष ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर पूरे गांव में चर्चाओं का दौर जारी है।

