हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के निचलौल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कटहरी खुर्द स्थित लगभग 250 मीटर सीलिंग की अतिरिक्त घोषित भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है।
शिकायत के अनुसार कटहरी कला निवासी मोहिउद्दीन अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी द्वारा उक्त भूमि पर लगभग 30 वर्षों से खेती किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि दिनांक 23 फरवरी 2026 को संबंधित राजस्व अधिकारियों द्वारा उक्त भूमि को कब्जे से मुक्त कर जब्त कर लिया गया, किंतु शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अब तक इस मामले में कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए तथा पिछले 30 वर्षों से कथित रूप से जोती गई भूमि का जुर्माना निर्धारित कर वसूली की जाए। उनका कहना है कि यह भूमि गरीबों के हक की है, जिस पर अवैध कब्जा कर लंबे समय तक उपयोग किया गया।
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

