पनियरा (महराजगंज)। 319 पनियरा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रत्याशी ओम प्रकाश चौरसिया इन दिनों लगातार क्षेत्र का दौरा कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। चुनाव के बाद भी उनकी सक्रियता बनी हुई है और वे विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ओम प्रकाश चौरसिया ने कहा कि पनियरा विधानसभा का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्रत्येक गांव तक पहुंचाना ही जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई की समस्या, बढ़ती बेरोजगारी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उनके समक्ष रखे। इस पर चौरसिया ने कहा कि वे इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन स्तर तक मजबूती से उठाएंगे और जनता की आवाज बनकर कार्य करेंगे।
क्षेत्र में उनकी लगातार सक्रियता को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओम प्रकाश चौरसिया जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बसपा के जनाधार को पुनः सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय हैं। वहीं, उनके लगातार जनसंपर्क अभियान से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।

