NH-730 पर स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक गंभीर, ग्रामीणों ने घायल को परतावल सीएचसी पहुंचाया

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिरसिया के पास नेशनल हाईवे 730 पर शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सिरसिया निवासी इकरार पुत्र हजरत अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छोटी बसहिया की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए घायल इकरार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।


सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त चार पहिया वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *