हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 15 महंथ अवैधनाथ नगर (धर्मनता) में बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक संविदाकर्मी पर 2500 रुपये लेने के बावजूद न तो कनेक्शन देने और न ही रसीद जारी करने का आरोप लगा है।
स्थानीय निवासी रुदल चौहान ने बताया कि उन्होंने करीब चार माह पूर्व अपनी पत्नी इंद्रावती देवी के नाम से नया बिजली कनेक्शन कराने के लिए परतावल स्थित विद्युत कार्यालय में कार्यरत एक संविदाकर्मी को 2500 रुपये दिए थे। उनका आरोप है कि रकम लेने के बाद भी न तो कोई आधिकारिक रसीद दी गई और न ही आज तक कनेक्शन जारी किया गया।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो संबंधित संविदाकर्मी ने साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, बिना रसीद के ही बिजली उपयोग करने का दबाव बनाया गया और शिकायत करने पर “देख लेने” की धमकी भी दी गई।
मामले से आहत रुदल चौहान ने उप खंड अधिकारी (विद्युत), परतावल को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में उप खंड अधिकारी (विद्युत) मयंक अग्रवाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और यदि आरोप सत्य पाए गए तो दोषी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह न केवल विभागीय लापरवाही बल्कि आम नागरिकों के साथ सीधा छल है। अब सभी की निगाहें विभागीय जांच पर टिकी हैं।

