हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के डोमा काटी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय युवती प्रेमी से विवाह की जिद को लेकर गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर युवती को चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती अचानक घर से निकलकर सीधे टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर बैठी युवती को देख परिजन और ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती ने स्पष्ट कहा कि जब तक उसका प्रेमी सार्वजनिक रूप से शादी का वादा नहीं करेगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक लगातार समझाइश दी। इस दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही और कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए।
मौके पर पहुंचे युवक ने स्वयं को युवती का प्रेमी बताया। परिजनों का कहना है कि युवती मानसिक दबाव में थी और उसने पूर्व में परिवार को जहर खाने की धमकी भी दी थी।
घंटों चले इस नाटकीय घटनाक्रम का अंत तब हुआ, जब युवक ने सबके सामने विवाह का आश्वासन दिया। इसके बाद युवती शांत हुई और सावधानीपूर्वक टावर से नीचे उतर आई। युवती के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से वार्ता कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा दोनों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

