हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा/महराजगंज, 18 अप्रैल। थाना पनियरा पुलिस ने मारपीट और हत्या के एक बेहद संवेदनशील मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड (मोटरसाइकिल का शॉकर रॉड) भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल की रात पनियरा क्षेत्र के भवानीपुर टोला अमहिया गांव निवासी रवि कुमार गुप्ता अपनी परिचित 19 वर्षीय युवती संगीता के घर मिलने गया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। इसी दौरान युवती का भाई कमलेश घर पहुंच गया और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे आक्रोशित होकर उसने अपने भाई अमलेश और एक अन्य नाबालिग को मौके पर बुलाया।
तीनों ने मिलकर रवि और संगीता को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान संगीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रवि किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।
घटना के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से 17 अप्रैल की सुबह युवती के शव को पिकअप वाहन (UP57 AT 6566) में लादकर गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र स्थित सिसई घाट ले जाकर गुप्त रूप से जला दिया।
इस मामले में थाना पनियरा में मुकदमा संख्या 117/2026 दर्ज कर विवेचना की गई, जिसमें विभिन्न धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
कमलेश (25 वर्ष) व अमलेश (23 वर्ष) निवासी भवानीपुर टोला अमहिया थाना पनियरा, जनपद महराजगंज। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम:
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मृत्युंजय उपाध्याय, रमेश चौधरी, संदीप यादव, शशिकांत यादव, प्रणव कुमार ओझा सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

