सीजेरियन के बाद प्रसूता की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप; परिजनों का हंगामा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


पनियरा/महाराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में सीजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत हो जाने से गुरुवार को हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार जंगल जरलहा उर्फ तेंदू अहिया गांव निवासी पूजा को 18 फरवरी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पनियरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। बताया जाता है कि अस्पताल प्रशासन द्वारा 40 हजार रुपये जमा कराने के बाद ऑपरेशन किया गया, जिसमें उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता से समय पर अवगत नहीं कराया।


गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हालत बिगड़ने पर प्रसूता को गोरखपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *