हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली, महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के डिजिटल लर्निंग अभियान के अंतर्गत मंगलवार को घुघली विकास खंड के पकड़ी विशुनपुर चौराहे पर कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पनियरा विधानसभा के भाजपा नेता निर्भय सिंह ने कार्यकर्ताओं को सरल एप के माध्यम से डिजिटल लर्निंग कोर्स पूरा करने और ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल तकनीक संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना भाजपा की प्राथमिकता है, जिससे योजनाओं और संगठन के संदेश को आम जनता तक तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को एप पर पंजीकरण, लॉगिन, पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाण पत्र डाउनलोड करने की चरणबद्ध जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए अभियान से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव, मंडल महामंत्री प्रशांत (रजत) राय, छोटू गुप्ता, अजय गौतम, बिरजू मोदनवाल, रूदल चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

