महराजगंज जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव के असोगवां टोले में बुधवार को एक महिला का शव घर के कमरे में छत से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सलीम मुंबई में नौकरी करता है। उसकी 35 वर्षीय पत्नी साहिमा घर पर बच्चों के साथ रहती थी। बुधवार को वह संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में गई और पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। मां को इस हालत में देख उसके तीनों बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए बाहर भागे, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बरगदवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। बाद में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


