पिपरा खादर में शॉर्ट सर्किट से ट्रेलर में लगी भीषण आग, मालिक झुलसा – ड्राइवर व खलासी ने कूदकर बचाई जान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय

भिटौली (महराजगंज): भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर गांव के समीप सोमवार को एक ट्रेलर ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

घटना में ट्रक मालिक झुलस गया, जबकि ट्रक चालक और खलासी ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। झुलसे ट्रक मालिक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ट्रक गोपाला (घुघली थाना क्षेत्र) से गोरखपुर के सोनबरसा बाजार स्थित एजेंसी की ओर जा रहा था। ट्रक मालिक ने बताया कि वाहन में हीटिंग की समस्या थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह सोनबरसा ले जा रहे थे। जैसे ही ट्रक पिपरा खादर गांव के पास पहुंचा, अचानक धधकती आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

आनन-फानन में ट्रक मालिक, ड्राइवर और खलासी तीनों कूदकर बाहर निकले और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर भिटौली व घुघली थाना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। चूंकि यह स्थान पकड़ी बिशनपुर के समीप है, जो घुघली थाना क्षेत्र से सटा हुआ है, इसलिए दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक जलकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका था। भीषण आगजनी की इस घटना को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *