हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। विकास खंड सिसवा के ग्रामसभा सोनबरसा में रविवार को कथित धर्मांतरण की सूचना पर हड़कंप मच गया। हिंदूवादी संगठनों की सूचना पर कोठीभार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चल रही प्रार्थना सभा को रुकवाया और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव में धर्मांतरण के नाम पर प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना स्थानीय कार्यकर्ताओं को मिली। इसी आधार पर भाजपा के प्रांतीय परिषद सदस्य धर्मनाथ खरवार अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। मौके पर प्रार्थना सभा होती देख उन्होंने तत्काल पुलिस को अवगत कराया।

सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंची और सभा को बंद कराते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्थल से कुछ धार्मिक साहित्य भी अपने कब्जे में लिया है। पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि धर्मांतरण की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


