महाशिवरात्रि पर सिसवा अलर्ट, बउरहवा बाबा मंदिर सहित सभी शिवालयों में कड़े सुरक्षा प्रबंध

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा क्षेत्र में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। हरपुर पकड़ी स्थित प्राचीन बउरहवा बाबा मंदिर समेत नगर व ग्रामीण अंचलों के सभी शिवालयों में साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने की संभावना है।



बउरहवा बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए व्यवस्थित बैरिकेडिंग की गई है तथा दर्शन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंदिर समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।

हरपुर पकड़ी के ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल, सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर बउरहवा बाबा मंदिर में उपनिरीक्षक, महिला उपनिरीक्षक सहित पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीम लगातार निगरानी रखेगी ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *