हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल के आजाद नगर वार्ड में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना 27 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतक की मां ने बेटे की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, मृतक अंकुश घटना वाले दिन रामनरेश यादव के घर गया था। कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि उसकी मौत बिजली का करंट लगने से हो गई है। शुरुआती तौर पर परिजनों को यही कारण बताया गया, लेकिन बाद में परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर मृतक की मां सुनीता ने हत्या की आशंका जताई।
सुनीता का आरोप है कि उनके बेटे की मौत सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
इस संबंध में अभिषेक सिंह, थानाध्यक्ष श्यामदेउरवां का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


