हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम मोजरी में शनिवार सुबह करंट लगने से एक 24 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोजरी निवासी झकरी की पुत्री नंदिनी (24 वर्ष) अपने मायके आई हुई थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह घर में रखे स्टैंड फैन का प्लग बिजली बोर्ड में लगा रही थी। बताया जा रहा है कि फैन का तार कटा हुआ था और नंदिनी नंगे पैर थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। परिजन उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी एवं कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विद्युत करंट लगने से हुई दुर्घटनावश मृत्यु का प्रतीत होता है। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।
इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

