हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के वार्ड नंबर-24 के जिला पंचायत प्रतिनिधि एवं समाजवादी पार्टी नेता राहुल शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी देने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। बुधवार 27 मई को लखनऊ स्थित कालिदास मार्ग पहुंचकर आत्मदाह करने की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दिया।

बताया जा रहा है कि फरेंदा क्षेत्र के धानी विकासखंड में लगातार बिगड़ी विद्युत व्यवस्था तथा पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर राहुल शर्मा लंबे समय से आवाज उठा रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और मंगलवार सुबह उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सपा नेता का घर देखते ही देखते पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सूत्रों के अनुसार राहुल शर्मा बुधवार सुबह लखनऊ रवाना होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोकते हुए नजरबंद कर दिया।
राहुल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना था कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है और पेट्रोल-डीजल की समस्या से आम जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समाधान निकालने में विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर जनता के हित के लिए मेरी जान भी चली जाए तो मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है।”
फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन सतर्क बना हुआ है और क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।

