हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। माटी न्यास और भारत सरकार के उपक्रम सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) के तत्वावधान में जनपद के दो स्थानों महाराजगंज इंटर कॉलेज, मऊपाकड़ तथा मदर मरियम ग्लोबल स्कूल, कुल्हुई में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एम्स और मेदांता जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने करीब 1000 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।

महाराजगंज इंटर कॉलेज, मऊपाकड़ में आयोजित शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य केवल शहरों तक सीमित सुविधा नहीं, बल्कि गांवों का भी अधिकार है। यह शिविर ग्रामीणों के इसी अधिकार को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।” उन्होंने लोगों से संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनावमुक्त जीवन और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद और डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मऊपाकड़ शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सतीश चेतल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित रंजन, सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. जनार्दन सिंह, राज आई की टीम सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।
वहीं मदर मरियम ग्लोबल स्कूल, कुल्हुई में आयोजित शिविर में नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी एक बड़ी चुनौती है और इस प्रकार के शिविर उस कमी को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यहां हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अहमद मिनहाजुद्दीन, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक सोनकर, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार और रेमेडियो की टीम ने मरीजों की जांच की।

डॉ. अहमद मिनहाजुद्दीन ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सशक्त समाज की आधारशिला है, जबकि डॉ. संतोष ने बताया कि बीमारियों से बचाव के लिए दवा से अधिक महत्वपूर्ण संतुलित खान-पान और नियमित दिनचर्या है। उन्होंने हरी सब्जियों के सेवन और शारीरिक व्यायाम पर जोर दिया।
मदर मरियम ग्लोबल स्कूल की डायरेक्टर मीरा अधमी और महाराजगंज इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुजीत कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। माटी न्यास के संयोजक आसिफ आजमी ने दोनों स्थलों पर आए चिकित्सकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दोनों शिविरों में प्रशांत त्रिपाठी, अनीस खान, मनीष जायसवाल, मोहम्मद आसिम, डॉ. धर्मेंद्र, वसीम रफी सहित माटी न्यास के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाओं का लाभ मिला।



