महराजगंज, 11 जनवरी 2026। जनपद में आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार जनवरी माह में 10 आवेदन पत्र समय से पोर्टल पर अपलोड न किए जाने के कारण सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए, जिससे जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
बताया गया कि जनवरी माह की आईजीआरएस रैंकिंग में महराजगंज को 29वां स्थान प्राप्त हुआ था। वहीं दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित राजस्व लिपिक को निलंबित कर नौतनवा तहसील से संबद्ध कर दिया है।
इसके अतिरिक्त पर्यवेक्षणीय शिथिलता के संबंध में एसडीएम निचलौल एवं तहसीलदार निचलौल को स्पष्टीकरण जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को आईजीआरएस प्रकरणों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आईजीआरएस शिकायतों की जांच आख्या समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। इस संबंध में एक विस्तृत चेकलिस्ट भी जारी की गई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और जनपद की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

