कड़ी निगरानी में होंगी बोर्ड परीक्षाएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 11 फरवरी 2026। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में श्री गणेश शंकर विद्यार्थी इंटरमीडिएट कॉलेज के सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित और तनावमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षक नकलविहीन परीक्षा की रीढ़ हैं, इसलिए सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सतर्कता से करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने सुरक्षित आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों की स्थिति की जांच करने तथा पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर सतर्क रहने को कहा। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि किसी भी छात्र का प्रवेश पत्र किसी भी स्थिति में न रोका जाए। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सीसीटीवी निगरानी में रहेगी तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, शौचालय एवं बिजली की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम (मो. 9454417468) से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *