हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहरी बाजार स्थित अपोलो मेडिकल स्टोर्स पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। मामला बिना चिकित्सकीय योग्यता के जांच व इंजेक्शन लगाए जाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शीतलापुर निवासी लगभग 50 वर्षीय सुभावती देवी पत्नी छोटेलाल इन दिनों अपने मायके कटहरी बाजार आई हुई थीं। इसी दौरान वह बुखार व अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हो गईं। परिजन उन्हें मेन रोड, कटहरी बाजार स्थित अपोलो मेडिकल स्टोर्स पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर पर मौजूद सूर्यनारायण कुशवाहा द्वारा महिला की जांच किए जाने की बात कही गई और दो घंटे में रिपोर्ट देने का आश्वासन दिया गया।
करीब दो घंटे बाद रिपोर्ट देखने के बाद महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद सुभावती देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होते देख मेडिकल स्टोर संचालक ने महिला को सिसवा ले जाने की सलाह दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें सिसवा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन शव को लेकर पुनः मेडिकल स्टोर पहुंचे और इंजेक्शन लगाने के बाद मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया, हालांकि मौके पर मौजूद कुछ जागरूक नागरिकों के हस्तक्षेप से स्थिति को संभाल लिया गया।
सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संबंधित विभाग और पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त मेडिकल स्टोर पर लंबे समय से अवैध रूप से जांच और इंजेक्शन लगाए जा रहे थे, जिसकी शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।


