महराजगंज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर गठित नोडल अधिकारी प्राइवेट हॉस्पिटल जांच टीम ने गोरखपुर रोड स्थित गोधवल में संचालित माही हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के समय अस्पताल परिसर में कोई भी योग्य एवं पंजीकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। इसे मरीजों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ मानते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और ओपीडी कक्ष को सीलबंद कर दिया।

स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन पर हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चर्चा रही कि बिना सक्षम चिकित्सक के अस्पताल संचालन किस प्रकार किया जा रहा था।
जांच टीम में नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्य, जिला समन्वयक आदित्य पांडेय तथा वरिष्ठ सहायक सुनील उपाध्याय शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध और नियमविरुद्ध संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


