सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज की बड़ी छलांग, प्रदेश में टॉप–10 में बनाई जगह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज :  मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जनवरी माह की रैंकिंग में जनपद महराजगंज ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर टॉप–10 जिलों में स्थान प्राप्त किया है। राजस्व व विकास की संयुक्त रैंकिंग में जनपद ने आठवां स्थान हासिल कर अपनी मजबूत प्रशासनिक कार्यप्रणाली का परिचय दिया है।


राजस्व एवं विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते यह उपलब्धि मिली है। विकास क्षेत्र के अंतर्गत संचालित योजनाओं में जनपद को 71 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 06 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा मात्र 03 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि किसी भी योजना में ‘डी’ ग्रेड नहीं मिला है।
राजस्व क्षेत्र में भी जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कुल 34 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 09 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 04 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुए हैं।


सीएम डैशबोर्ड पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण एवं सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न विभागीय सूचकांकों में जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।


उल्लेखनीय है कि विगत माह जनपद की संयुक्त रैंकिंग 14वीं थी, जिस पर जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर अनुश्रवण के निर्देश दिए थे। इसके परिणामस्वरूप राजस्व रैंकिंग में जनपद ने बड़ी छलांग लगाते हुए 33वें स्थान से 12वें स्थान तक पहुंच बनाई, जबकि विकास योजनाओं में 09वां स्थान प्राप्त किया।


इस सफलता पर जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए निरंतर मॉनिटरिंग, प्रभावी समीक्षा बैठकों और फील्ड स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद भविष्य में भी प्रदेश में अग्रणी बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *