हर्षोदय टाइम्स /सुभाष चंद्र पटेल
महाराजगंज। पनियरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा जड़ार में आयोजित श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन प्रातः कालीन बेला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा भेजे गए देवदूत ने संगीतमय एवं भावपूर्ण शैली में यज्ञ की महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
कथावाचक ने यज्ञ को आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक शुद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि यज्ञ से वातावरण की शुद्धि होती है और प्राणवायु सशक्त बनती है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए बताया कि जिन क्षेत्रों में ऑक्सीजन स्तर बेहतर रहा, वहां बीमारी का प्रभाव अपेक्षाकृत कम देखा गया, जो यज्ञ से होने वाली वायुमंडलीय शुद्धि का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
प्रवचन के दौरान जीवन के प्रमुख संस्कारों नामकरण, अन्नप्राशन, विद्यारंभ, दीक्षा आदि को सरल एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। इसके प्रभाव से विद्यारंभ संस्कार कराने हेतु बच्चों के अभिभावक तथा गुरु दीक्षा लेने के इच्छुक श्रद्धालु उत्साहपूर्वक आगे आए, जिनका विधिवत संस्कार संपन्न कराया गया।


तीसरे दिन के कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। पूरा परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया, जिससे आयोजन स्थल पर भक्तिमय और प्रेरणादायक वातावरण बना रहा।


