नाली विवाद ने छीनी दो साल की मासूम की जान, न्याय की मांग को लेकर शव संग एसपी दफ्तर पहुंचा परिवार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा गांव में नाली निर्माण को लेकर उपजे विवाद ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। दो वर्षीय बच्ची की मौत के बाद आक्रोशित परिजन उसका शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


पीड़ित महिला का आरोप है कि बीते 2 फरवरी को गांव में नाली निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जबरन उसके घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला का कहना है कि आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर घसीटा और गोद में मौजूद दुधमुंही बच्ची को छीनकर खेत में फेंक दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।


घटना के बाद परिजन घायल बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान रविवार 9 फरवरी को मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


इस संबंध में चौक थाना प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि नाली विवाद को लेकर महिला व उसकी जेठानी के खिलाफ पहले से ही एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।


पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *