सोनौली बॉर्डर पर हाई-प्रोफाइल ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


थाईलैंड–नेपाल–दिल्ली नेटवर्क से जुड़ी हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी, महिला सरगना समेत तीन गिरफ्तार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महाराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर से सुरक्षा एजेंसियों ने हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी के एक बड़े और संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कस्टम विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में थाईलैंड से दिल्ली तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस दौरान एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 6.8 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया।


शनिवार सुबह मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में तीनों संदिग्धों को सोनौली बॉर्डर पर रोका गया। स्कैनर जांच के दौरान उनके बैगों में एक जैसे पीले रंग के संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए, जिसके बाद तलाशी ली गई। जांच में कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए सफेद प्लास्टिक पैकेटों में पैक गांजा बरामद हुआ। पैकिंग इतनी पेशेवर थी कि वह सामान्य स्कैनिंग से भी बच निकलने में सफल रहा।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दिल्ली निवासी सुल्ताना नामक महिला इस पूरे तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी है। वही तस्करों को अपने खर्च पर थाईलैंड बुलाती थी, जहां होटल, खान-पान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर गांजा लाने का सौदा तय किया जाता था। आरोपियों ने बताया कि पहले 500 ग्राम गांजा लाने पर एक लाख रुपये देने की बात थी, लेकिन इस बार अधिक मुनाफे का लालच देकर लगभग छह किलो हाइड्रोपोनिक गांजा सौंपा गया।


तस्कर थाईलैंड से काठमांडू पहुंचे, जहां एक अन्य सहयोगी ने उन्हें होटल में ठहराया और एयरपोर्ट से बाहर निकलने में मदद की। इसके बाद मैत्री बस सेवा के जरिए तीनों के टिकट एक साथ बुक कर गांजा को तीन बैगों में छिपाकर सोनौली लाया गया।


एजेंसियों के अनुसार, इस हाई-क्वालिटी गांजे की दिल्ली, हरियाणा और गोवा के महंगे रेस्टोरेंट और बार में भारी मांग है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जांच एजेंसियों ने छापेमारी तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *