हर्षोदय टाइम्स / विमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पकड़ियार बिशुनपुर में रविवार देर रात एक विवाह समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब कुशीनगर से आई बारात में शामिल दूल्हे के वाहन चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय जितेंद्र खरवार पुत्र शंभू खरवार, निवासी सपहा थाना कसया, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुशीनगर से बारात पकड़ियार बिशुनपुर गांव आई थी। विवाह की सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हो चुकी थीं और देर रात बारात की विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान चालक जितेंद्र अचानक लापता हो गया।

काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों और बारातियों की चिंता बढ़ गई। तलाश के दौरान बारात स्थल के पास एक संकरी गली में उसका शव पड़े होने की सूचना मिली। शव मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सोमवार दोपहर थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


